शिकंजा: पेड़ों की चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, झांसे में शिक्षक ने गंवाए डेढ़ लाख रुपए

शिकंजा: पेड़ों की चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, झांसे में शिक्षक ने गंवाए डेढ़ लाख रुपए
Spread the love

रुड़की। किसान के खेत में खड़े पेड़ों को चोरी से काटकर ले जा रहे चोरों का वाहन खेत में ही फंस गया। इसके बाद आरोपी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अलावलपुर निवासी भोपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका खेत मुकर्मपुर कालेवाला के जंगल में स्थित है। कुछ चोर खेत के किनारे लगे यूकेलिप्टस के पेड़ काटकर वाहन में भरकर ले जा रहे थे। इस दौरान पिकअप खेत में फंस गई, जिससे वाहन को छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर अकबरपुर कालसो निवासी शकीरा को हसनपुर बड़कला मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक विनय मोहन त्रिवेदी ने बताया कि चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दूसरी ओर एक शिक्षक ने फेसबुक पर आए क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया। अगले दिन किसी ने बैंक कर्मचारी बनकर उससे बात की और ऑनलाइन फॉर्म भरने को कहा। उन्होंने वेबसाइट पर जाकर अपनी डिटेल डाली तो उनके खाते से डेढ़ लाख रुपए निकल गए। शिक्षक ने इसका मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर इसकी विवेचना कराई जा रही है।

Parvatanchal