दहशत : त्यूणी में टौंस नदी आई उफान पर, आबादी क्षेत्र खाली करने का अलर्ट जारी

दहशत : त्यूणी में टौंस नदी आई उफान पर, आबादी क्षेत्र खाली करने का अलर्ट जारी
Spread the love

 

विकासनगर। टौंस नदी का जलस्तर सोमवार को खतरे के निशान को पार कर गया। टौंस के उफान पर आने से नया बाजार गुटियाखाटल बस्ती पर खतरा मंडराने लगा है। तहसील प्रशासन और थाना पुलिस ने नया बाजार, गुतियाखाटल के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आबादी क्षेत्र में बस्ती को खाली करने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि लोगों ने अभी बस्ती को खाली करना शुरू नहीं किया है। बावजूद इसके प्रशासन नदी के बहाव और ऊपरी कैचमेंट एरिया के मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए है। लगातार हो रही बारिश से टौंस की सहायक पावर नदी के साथ ही रूपिन, सुपिन नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है।  जिससे टौंस के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने का खतरा बना हुआ है। थाना पुलिस ने बाजार में मुनादी कर लोगों को अलर्ट रहने, नदी से सटे भवनों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन तंत्र, जल पुलिस, राजस्व पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। टौंस की सहायक नदियों पावर, रूपीन, सुपिन का भी लगातार बढ़ रहा जलस्तर पर चिंता का कारण बना है। तीनों नदियों में बढ़े पानी का असर टौंस के जल स्तर पर पड़ेगा, जिससे खतरा अधिक हो सकता है। तात्कालिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने त्यूणी बाजार से लेकर उत्तरकाशी के मोरी, नैटवाड़, खूनीगाड़, ठडियार में भी अलर्ट जारी किया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीर रावत, यशपाल ठाकुर, जगत नायक, बलबीर सिंह, जगजीत सिंह, रमेश चौहान, कन्नी चौहान आदि ने बताया कि अभी नदी किनारे के बाजार को खाली नहीं किया गया है। व्यापारी लगातार नदी के जल स्तर पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के साथ मिलकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उधर, एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि त्यूणी बाजार के हालात पर लगातार निगरानी की जा रही है। गुतियाखाटल बस्ती को खाली करने की चेतावनी दी गई है। जल स्तर के कम नहीं होने पर तटवर्ती बाजार को खाली करा दिया जाएगा।

Parvatanchal