संदिग्ध: मुंबई से घर आए आए युवक की अचानक मौत, घर में ही फंदे पर लटका मिला शव
रुद्रपुर। मुंबई से घर आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कलकत्ता पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम गऊघाट निवासी 28 वर्षीय आमिर खान पुत्र शमशाद खान मुबंई में चार साल से नौकरी करता था। वह बीते रविवार को अपने घर गऊघाट आया हुआ था। इस दौरान उसकी पत्नी अपनी दो पुत्रियों के साथ मायके गई हुई थी। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आमिर खान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जानकारी मिलते ही एसआई बंसत प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसआई ने बताया कि मौके पर आमिर खान का शव चारपाई पर पड़ा था। परिजनों ने बताया कि आमिर ने घर के दो मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
युवक को अगवा कर मारपीट करने का आरोप में पुलिस को तहरीर
एक अन्य मामले में बुलेट सवार युवकों पर युवक को अगवा कर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। युवक रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाकर लौट रहा था। आरोप है कि युवक को अधमरी हालत में उसके घर के बाहर फेंककर आरोपी फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर निवासी एक युवक ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और रक्षाबंधन पर घर आया था। शनिवार रात वह हल्द्वानी स्थित बहन के घर से राखी बंधवाकर करीब 12 बजे रुद्रपुर पहुंचा। बस स्टेशन के पास चाय पीते समय बुलेट सवार दो युवक पहुंचे और पार्टी करने की बात कहकर उसे बाइक के बीच में बैठा ले गए। आरोप है कि युवकों ने पहले उसे शराब पिलाई, फिर पिटाई की। रविवार तड़के करीब चार बजे आरोपी उसे घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। परिजनों ने अधमरी हालत में उसे देखकर अस्पताल पहुंचाया। युवक ने पुलिस को दी तहरीर में पुरानी रंजिश के चलते श्याम टाकीज रोड निवासी कुछ युवकों पर अपहरण और पिटाई का आरोप लगाया है। आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

