शिकंजा: तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चैकिंग के दौरान चढ़ा पुलिस के हत्थे
रुड़की। पुलिस ने देवबंद के एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। रविवार की देर शाम को कस्बा मंगलौर क्षेत्र में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गौरव पुत्र ऋषिपाल, निवासी मिश्रा कॉलोनी, मोहल्ला कायस्थवाड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गौरव एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ थाना कोतवाली देवबंद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी मंगलौर क्षेत्र में भी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। इससे पहले कि आरोपी किसी घटना को अंजाम देता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलौर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को लिखापढ़ी के बाद कोर्ट में पेश कर दिया है।
स्मैक के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार
उधर , मंगलौर पुलिस ने भी स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। रविवार शाम को पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी की पहचान बबलू निवासी ग्राम कुरड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बबलू पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ दहेज हत्या, एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.25 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम में केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

