आलोचना: भारतीय अर्थव्यवस्था आईसीयू में चली गई है, टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी का आरोप
सांसद का ने कहा- पीएम के दोस्त भारत को दिखा रहे हैं लाल आंखें
कोलकाता। भारत को पीएम मोदी के दोस्त जहां लाल आंखें दिखा रहें है वहीं देश की अर्थव्यवस्था आईसीयू में चली गई है। उक्त आरोप आज तृणमूल के सांसद व पार्टी के सर्व भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने लगाई। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि, अमेरिका का 50 प्रतिशत टैरिफ आईटी, फार्मा और टेक्सटाइल क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाएगा और निर्यात को कम करेगा। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग चुनावों से पहले बंगाल की निर्वाचित सरकार और मतदाताओं के अधिकारों में बाधा डालने के लिए अपने अधिकार का अतिक्रमण कर रहा है। भाजपा के ट्रंप से जुड़ाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र की दस सालों की विफलताओं के कारण अर्थव्यवस्था आईसीयू में है।
एयरपोर्ट पर मीडिया को संबोधित करते हुए, अभिषेक बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग अपने संवैधानिक अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम कर रहा है और पश्चिम बंगाल की निर्वाचित सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का अधिकार आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद ही शुरू होता है और चुनाव से 10-11 महीने पहले की जा रही कार्रवाई एक लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रशासन के कामकाज में बाधा डालने की मंशा को दर्शाती है।
हाल ही में अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ पर बोलते हुए, बनर्जी ने कहा कि इसके भारत के आईटी, दवा और कपड़ा उद्योगों पर गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे नौकरियां जाएंगी, निर्यात में गिरावट आएगी और अर्थव्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने टैरिफ को भारत सरकार की कूटनीतिक विफलता बताया और उस प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाया जिसने कभी अपनी मजबूत वैश्विक छवि का प्रचार किया था। उन्होंने कहा, इससे रोजगार, निर्यात और उद्योग प्रभावित होंगे।
अभिषेक बनर्जी ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ केंद्र के पिछले संबंधों का ज़िक्र किया और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ट्रंप को भारत का मित्र बताए जाने का ज़िक्र किया। उन्होंने आगे कहा, ट्रंप ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था मर चुकी है – मैं इससे सहमत नहीं हूं। मैं कहूंगा कि अर्थव्यवस्था आईसीयू में है। लेकिन इसे ख़त्म नहीं किया जा सकता क्योंकि यह 140 करोड़ भारतीयों के प्यार और विश्वास पर टिकी है। लेकिन पिछले 10 सालों में यह और बदतर हो गई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर, अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाया कि गृह मंत्री द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को भारत का अभिन्न अंग बताए जाने के बावजूद उसे वापस क्यों नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि पुलवामा के बाद हवाई हमले किए गए और अब पहलगाम के बाद भी यही पैटर्न दोहराया जा रहा है। उन्होंने कहा, हम एक चक्रव्यूह में फंसे हुए हैं। इसका एकमात्र समाधान पीओके को वापस लेना और पाकिस्तान को उसकी ही भाषा में जवाब देना है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार के साथ है। उन्होंने ट्रंप के नाम पर एक आवासीय प्रमाण पत्र सामने आने पर भी सवाल उठाया और कहा, हमसे सवाल करने के बजाय, चुनाव आयोग से पूछिए कि ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ क्यों लगाया। बनर्जी ने पूछा कि जब केंद्र सरकार खुद को ’56 इंच की छाती’ वाला बताती है, तो फिर अमेरिका, चीन जैसे देश भारत पर इस तरह का दबाव कैसे बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने ट्रंप के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, उनके साथ प्रचार किया, उनसे इस टैरिफ के बारे में सवाल किया जाना चाहिए। यह एक कूटनीतिक विफलता है और केंद्र सरकार को इसका जवाब देना होगा। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर संकेत दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में अमेरिका के टेक्सस में ट्रंप के लिए प्रचार किया था और 2020 में उन्हें गुजरात बुलाया था। अभिषेक ने कहा कि जिसने ट्रंप को भारत बुलाया, जिसने उसके लिए प्रचार किया, वह आज इस स्थिति का जिम्मेदार है। यह जवाबदेही भाजपा और केंद्र सरकार की है, न कि तृणमूल कांग्रेस की।
अभिषेक बनर्जी ने बताया कि वह एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पांच देशों की यात्रा पर गए थे, जिसमें आसियान जैसे मंच पर पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस बयान तक नहीं आया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में ‘विश्वगुरु’ बनना चाहती है तो उसे अपनी विदेश नीति पर पुनर्विचार करना होगा।

