दुश्वारियां: भारी बारिश से कई जगहों पर भू-धंसाव और भूस्खलन, सुरक्षा के प्रयास जारी
श्रीनगर गढ़वाल। दो दिनों से जारी भारी बारिश के कारण श्रीनगर के विभिन्न स्थानों पर पुस्ता ढहने, भूस्खलन, भू-धंसाव और जलभराव की समस्याएं देखने को मिली। जारी बारिश से स्थानीय लोगों में भय का माहौल तो नगर क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। नगर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने नगर निगम की महापौर आरती भंडारी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों को हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि देर रात्रि से जारी बारिश के कारण ग्लास हाउस के पास बुधवार सुबह आठ बजे के करीब लिंक मार्ग धंस गया, जिससे आवासीय भवनों को खतरा पैदा हो गया है। वहीं दूसरी ओर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते श्रीनगर के कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन जैसी समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि ग्लास हाउस, डांग, बिल्केदार, कोठड़ और घसिया महादेव सहित अन्य क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पुस्तों, रास्तों और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया गया। महापौर ने वार्ड पार्षदों और निगम के अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल को मरम्मत कार्यों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि जिनके आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं या जो लोग नदी, गाड़-गदेरे के किनारे बसे हैं, वे तत्काल सुरक्षित स्थानों में शरण लें। कहा कि यदि प्रभावितों के पास रहने की व्यवस्था नहीं है तो निगम प्रशासन की ओर से उनके लिए व्यवस्था की जाएगी। एनआईटी के निर्माणाधीन परिसर से उत्पन्न जलभराव की समस्या पर मेयर ने एनआईटी के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

