डर: प्रेमी संग थाने पहुंची युवती ने लगाई सुरक्षा की गुहार, परिजनों से बताया जान का खतरा
रुड़की। ।,प्रेमी संग थाने पहुंची एक युवती ने अपने ही परिजनों से जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती की मां ने चार दिन पहले एक महिला सहित चार लोगों पर बेटी को जबरदस्ती कार में डालकर अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर युवती को प्रेमी संग भेज दिया है। थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने चार दिन पूर्व पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक महिला और तीन लोग उसकी बेटी को कार में जबरस्ती बैठाकर उसका अपहरण कर ले गए हैं। पुलिस ने महिला सहित चार लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। गुरुवार को स्वयं युवती अपने प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। इस दौरान युवती ने पुलिस को कोर्ट मैरिज से संबंधित दस्तावेज दिखाए। युवती ने अपने परिजनों से खतरा बताकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। थाना निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों को थाने बुलाकर उन्हें समझाकर युवती को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया है।

