आफ़त : इस क्षेत्र में बंद रहे चार मोटर मार्ग, यातायात ठप रहने से लोगों को हुई परेशानी
विकासनगर। मूसलाधार बारिश से जौनसार बावर क्षेत्र में मोटर मार्गों के बंद होने का सिलसिला लगातार जारी है। कुछ मार्गों पर यातायात बहाल होता है तो कई अन्य मार्ग बंद हो जाते हैं, जिससे यहां जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई गांवों के ग्रामीण दैनिक उपयोग का सामान खरीदने के लिए भी बाजारों तक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे उनके सामने राशन का संकट भी होने लगा है। मंगलवार को भी क्षेत्र के चार मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहा। जबकि सोमवार को दस मोटर मार्ग बंद थे। मंगलवार को साहिया-क्वानू, लाखामंडल-नाड़ा, मेघाटू-कूल्हा-शेडिया और कोठा बैंड-सैंज-चंदोऊ मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने से यातायात ठप रहा, जिससे 35 गांवों की आबादी प्रभावित हुई। अधिकांश ग्रामीण सोमवार देर रात ही नगदी फसलों को लेकर मंडी के लिए निकल गए थे, लेकिन मार्ग बंद होने के कारण पूरी रात सड़क पर ही गुजारनी पड़ी। मंगलवार दोपहर तक भी यातायात बहाल नहीं होने पर ग्रामीण अपनी फसलों को लेकर वापस अपने घरों को लौट गए। स्थानीय किसान मोहन सिंह बिष्ट, जगदीश नेगी, प्रदीप सिंह रावत, सेमारू लाल, दिलबर सिंह चौहान ने बताया कि जुलाई माह में अभी तक आठ दिन मार्ग बंद होने से आर्थिक नुकसान हुआ है। टमाटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च जैसी नगदी फसलें घर में ही बर्बाद हो गई। जबकि कई वाहन गांव के संपर्क मार्गों पर फंसे हुए हैं। ग्रामीणों ने बंद पड़े मार्गों को जल्द खोलने की मांग की है। उधर, लोनिवि साहिया की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि बंद मोटर मार्गों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

