चेतावनी: हूती नहीं माने तो हाल तेहरान जैसा कर देंगे, एक और मुस्लिम देश को इजरायल की धमकी
तेल अवीव । ईरान के साथ चले 12 दिनों के भीषण संघर्ष के बाद अब इजरायल ने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ एक नया मोर्चा खोल दिया है। इजरायली डिफेंस फोर्स ने यमन के हूदेदा शहर में हूती के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इसके साथ ही इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने एक कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर हूती विद्रोहियों ने हथियार नहीं डाले तो यमन का हश्र भी ईरान की राजधानी तेहरान जैसा कर दिया जाएगा।
इजरायली सेना के मुताबिक, ये हमले यमन के प्रमुख बंदरगाह शहर हूदेदा में मौजूद हूती के आतंकी ठिकानों पर किए गए हैं। सेना का दावा है कि इन हमलों में उन फ्यूल टैंकों और जहाजों को निशाना बनाया गया है, जिनका इस्तेमाल हूती विद्रोही लाल सागर में हमलों के लिए करते थे। इजरायल का आरोप है कि हूदेदा बंदरगाह हूतियों की गतिविधियों का मुख्य अड्डा बन चुका है और यहीं पर उन्होंने ईरान से आयात किए गए हथियारों का बड़ा जखीरा जमा कर रखा है।
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा, हमने उन ठिकानों की सटीक पहचान की थी, जहां से हूती आतंकी सक्रिय थे। हमारे लड़ाकू विमानों और ड्रोन्स ने इन ठिकानों और उनके हथियारों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है।
इन हमलों के बाद इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने हूतियों और यमन को सीधे तौर पर धमकी दी है। उन्होंने कहा, इजरायल पर मिसाइलें दागने का गंभीर परिणाम भुगतना होगा। अगर यमन ने हूतियों को नियंत्रित नहीं किया तो हम उसका हाल भी तेहरान जैसा कर देंगे। काट्ज ने जोर देकर कहा कि इजरायल अपनी रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा और हमले जारी रखेगा।
यह चेतावनी इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इजरायल ने हाल ही में ईरान के साथ चले युद्ध के दौरान तेहरान पर जमकर बम और मिसाइलें बरसाई थीं। इजरायल इस समय सीरिया, लेबनान, गाजा और ईरान समेत कई मोर्चों पर एक साथ लड़ रहा है और अब यमन पर इस कार्रवाई ने मध्य-पूर्व में तनाव को और बढ़ा दिया है।

