सनसनी: गधेरे में सड़ा-गला शव मिलने से दहशत, तनाव से जूझ रहे युवक ने कर ली खुदकुशी

सनसनी: गधेरे में सड़ा-गला शव मिलने से दहशत, तनाव से जूझ रहे युवक ने कर ली खुदकुशी
Spread the love

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम पंचायत कोटुली के पास गधेरे में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। रविवार दोपहर जानवर चराने जंगल गए कुछ चरवाहों ने गधेरे में सड़े-गले शव को पड़ा देखा, जिसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों और फिर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जागेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका है और सिर का हिस्सा कंकाल में तब्दील हो गया है, जिससे शव की पहचान संभव नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक शव देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी 30 से 40 वर्ष के व्यक्ति का हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को सूचना दे दी है। टीम के पहुंचने के बाद शव की शिनाख्त और मृत्यु के कारणों की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
उधर, नगर के धारकीतूनी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 27 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गंगरकोट सुयालबाड़ी का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार सूरज नगर में किराए पर रह रहा था। एनटीडी चौकी प्रभारी कृष्णा कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले तक युवक के साथ असम की रहने वाली एक महिला भी रहती थी, जो बाद में उसे छोड़कर चली गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद से युवक मानसिक तनाव में रहने लगा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू कर दी। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Parvatanchal