संदेहास्पद: घर के अंदर मिला अकेले रह रहे युवक शव, ट्रेन की चपेट में आकर वृद्ध की हुई मौत
काशीपुर। घर के अंदर करीब एक सप्ताह से अकेले रह रहे व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया। मोहल्ला अल्लीखां निवासी रहमत अली ऊर्जा निगम से सेवानिवृत हैं। करीब एक सप्ताह पहले परिवार के सदस्य सीतापुर गए थे। घर में उनका 42 वर्षीय पुत्र यूसुफ अकेला था। युसूफ की पत्नी, एक पुत्र व एक पुत्री के साथ मायके में थी। रविवार की दोपहर पड़ोसियों से पुलिस को सूचना मिली कि एक घर के अंदर से दुर्गंध आ रही है। सूचना पर बांसफोड़ान चौकी इंचार्ज मनोज धोनी पहुंच गए। दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। जहां यूसुफ का शव में पड़ा मिला। मोहल्ले वालों के अनुसार लगभग तीन दिन से यूसुफ अपने घर से नहीं निकला। एसआई मनोज धोनी ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की ओवरडोज के कारण उसकी मौत हुई हो। घटना के समय मृतक के माता-पिता सीतापुर गए हुए थे। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल पाएगा।
दूसरी ओर, ट्रेन की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को रामनगर रोड स्थित शांति नगर के पास सुबह लगभग 11 बजे रामनगर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन की चपेट में आकर एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। दोपहर बाद शांतिनगर निवासी मंजीत सिंह ने शव की शिनाख्त अपने चाचा ग्राम रम्पुरा निवासी रंजीत सिंह (57) पुत्र जरनैल सिंह के रूप में की। दोपहर एक बजे मंजीत सिंह की सूचना पर पहुंचे बेटे निर्मल सिंह व सरवन सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह वह घर से जानवरों के लिए चारा काटने पास के खेत में साइकिल से गए थे। आशंका जताई कि उन्होंने शायद ट्रेन की आवाज नहीं सुनी होगी और यह हादसा हो गया। वह अपने पीछे दो बेटे निर्मल सिंह, सरवन सिंह व बेटी निर्मल कौर को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।
