प्रेम रोग: शादी से पहले युवती ने खाया जहर, रिश्ता टूटने पर पिता ने दी जान, गांव के विजातीय युवक से था प्रेम संबंध
मेरठ। खरखौदा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शादी से पहले घर छोड़कर प्रेमी संग चली गई। पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सौंपा तो उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। युवती तो बच गई, लेकिन उसके पिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। कुछ दिन पूर्व बिचौलिये की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का पड़ोस के गांव के दूसरी जाति के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के कहने पर गांव के ही एक व्यक्ति ने युवती का रिश्ता समाज के ही युवक से तय करा दिया। करीब 15 दिन पूर्व युवती प्रेमी संग घर से चली गई। पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। परिजनों ने इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई से इन्कार कर दिया और युवती को घर ले आए।
युवती ने घर पहुंचते ही ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद युवती सकुशल अपने घर लौट आई। बताया जा रहा है कि 18 जून को शादी तय कराने वाले बिचौलिये की हार्ट अटैक से मौत हो गई जबकि आहत पिता ने 26 जून को फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ किठौर प्रमोद कुमार का कहना है कि युवती के पिता की खुदकुशी का मामला संज्ञान में नहीं आया है।

