स्मरण: विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आंदोलनकारी कुंजबिहारी नेगी को दी श्रद्धांजलि
श्रीनगर गढ़वाल। राज्य आंदोलनकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी कुंज बिहारी नेगी के निधन पर शुक्रवार को डालमिया धर्मशाला में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीनगर नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णानंद मैठाणी ने कहा कि कुंजबिहारी नेगी ने सामाजिक कार्यों में ही नहीं,बल्कि शैक्षणिक और सांस्कृतिक आंदोलनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

दिवंगत आंदोलनकारी कुंज बिहारी नेगी
गढ़वाल विश्वविद्यालय की स्थापना को एक जन आकांक्षा का प्रतीक मानते हुए वक्ताओं ने बताया कि कुंजबिहारी नेगी ने स्वामी मनमंथन के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया,जिससे गढ़वाल क्षेत्र की पहचान और शैक्षिक प्रगति को एक नई दिशा मिली। इस अवसर पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव प्रो.पीएस राणा एवं पर्वतीय विकास शोध केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ.अरविंद दरमोड़ा ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के किसी सभागार का नाम कुंज बिहारी नेगी के नाम पर किए जाने की मांग की। बताया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में प्रगतिशील जन मंच के संयोजक अनिल स्वामी, वीरेंद्र सिंह नेगी, सूरज घिल्डियाल, भगवती प्रसाद पुरी, हीरालाल जैन, बीपी वशिष्ठ, झाबर सिंह रावत, मेजर राजेंद्र रावत, डॉ.योगेंद्र कांडपाल, सुरेंद्र उनियाल, चंद्रपाल सिंह नेगी, प्रकाश बुटोला, मुकेश अग्रवाल, डॉ.प्रदीप अणथ्वाल, डॉ.अरुण ने स्व. कुंजबिहारी नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

