शिकंजा: 14 लाख रुपए की स्मैक के साथ महिला गैंगस्टर गिरफ्तार

शिकंजा: 14 लाख रुपए की स्मैक के साथ महिला गैंगस्टर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। पुलिस ने 14 लाख रुपये की स्मैक व 55 हजार रुपये की नगदी के साथ महिला गैंगस्टर को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला पर हिस्ट्रीशीटर सहित 11 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री में लिप्त लोगों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश दिये गये हैं। इसी क्रम में डोईवाला पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत चलाये जा रहे तलाशी अभियान के दौरान मिली सूचना पर दूधली रोड, नैन्सी स्कूल के पास से महिला सोनी पत्नी स्व. प्रदीप कुमार को 48 ग्राम अवैध स्मैक (जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख रुपये है) तथा अवैध स्मैक की बिक्री से अर्जित किये गये 55600 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला के विरुद्ध कोतवाली डोईवाला पर एनडीपीएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला शातिर नशा तस्कर है जिसके विरुद्ध कोतवाली डोईवाला पर पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट सहित मादक पदार्थ की तस्करी करने सम्बन्धी 11 मुकदमे पंजीकृत हैं तथा सोनी कोतवाली डोईवाला की हिस्ट्रीशीटर है।

Parvatanchal