धोखाधड़ी: जमीन का सौदा करने के नाम पर खरीददार से कर डाला एक करोड़ रुपये का फ्रॉड
देहरादून। राजपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति से जमीन दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस के दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी ने खुद को उत्तराखंड सरकार का बड़ा अफसर बताया। पुलिस के अनुसार, चंद्र शेखर लटवाल, निवासी जीएमएस रोड ने तहरीर दी कि वो देहरादून में भूमि की तलाश कर रहे थे। उनकी मुलाकात प्रोपर्टी डीलर विरेंद्र सिंह से हुई। विरेंद्र ने उन्हें दीपक शर्मा निवासी चन्द्रबनी देहरादून से मिलवाया। दीपक शर्मा ने बताया कि वो अपनी जमीन बेचना चाहता है। इसके बाद दीपक शर्मा ने उनकी मुलाकात राकेश मिश्रा से करवाई। बताया गया कि मिश्रा दीपक शर्मा का सहयोगी है। दीपक शर्मा ने खुद को उत्तराखंड शासन में अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि वो एक यूनिवर्सिटी में कार्यरत है। इसके बाद दीपक शर्मा व राकेश मिश्रा ने 21 नवंबर 2023 को उनके साथ चालंग परगना परवादून जिला देहरादून की एक जमीन का अनुबन्ध किया। इसकी एवज में उनसे एक करोड़ रुपये लिए गए। अनुबंध के अनुसार दोनों पक्षों में छह माह बाद विक्रय पत्र संपादित किया जाना था। छह माह बाद आरोपियों ने एक माह का समय और मांगा। बाद में उन्हें जांच में पता चला कि जमीन उनकी नहीं थी। आरोपियों ने फर्जी अनंबंध पत्र तैयार किया था। आरोप है कि अब रकम मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने दीपक शर्मा और राकेश मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

