आवाज़: अपहरण के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मानवाधिकार आयोग से गुहार
हल्द्वानी। अपहरण का शिकार हुए हल्द्वानी निवासी आईटी इंजीनियर के पिता ने मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आहत होकर मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। तल्ली बमौरी गली नंबर एक मुखानी निवासी पेशे से इंजीनियर तुषार पुत्र गिरीश चंद्र का अपहरण बीती 6 मई को कालाढूंगी रोड से हुआ था। सात मई को इंजीनियर के पिता गिरीश ने थाना मुखानी में आलोक रंजन तिवारी और कपिल तिवारी पर केस दर्ज कराया था। 10 मई की रात पुलिस ने तुषार को गंभीर हालत में बांदा यूपी से बरामद किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी आलोक तिवारी के पिता दयाशंकर तिवारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। तुषार के पिता का आरोप है कि मुख्य साजिशकर्ता समेत दो लोग आलोक रंजन तिवारी और कपिल तिवारी नहीं पकड़े गए हैं। आरोप लगाया कि पुलिस उनसे सीधे मुंह बात तक नहीं करती है। मजबूर होकर उन्हें उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग से गुहार लगानी पड़ी है। वहीं एसओ मुखानी दिनेश जोशी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। इधर, तुषार के पिता का कहना है कि आलोक ने उनके अलावा पुत्र पर फरीदाबाद में फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया है।

