हादसा: दो बाईकों में हो गई जबरदस्त भिड़ंत, एक घायल युवक की अस्पताल में मौत
रुड़की। इकबालपुर मंगलौर मार्ग पर गुरुवार देर रात दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जानकारी परिजनों को दे दी है। गुरुवार रात के समय साधारणपुर गांव थाना देवबंद निवासी 28 वर्षीय रजत त्यागी अपनी बाइक पर सवार होकर रुड़की होते हुए इकबालपुर आ रहा था। इस दौरान इकबालपुर के पास रजत की बाइक की भिड़ंत एक दूसरी बाइक के साथ हो गई। इसमें बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सा में उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी अजय सिंह का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
