सुनवाई: डीएम की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित, 28 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
अफसरों को शिकायतों का एक बार में ही निस्तारण करने के डीएम के निर्देश
नई टिहरी। जिला मुख्यालय में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का एक बार में ही निस्तारण कर दें, ताकि एक ही शिकायत के लिए बार-बार लोगों को अधिकारियों के चक्कर न काटने पड़ें। जनता मिलन कार्यक्रम में टिहरी बांध डूब क्षेत्र भटकण्डा के ग्रामीणों ने पट्टी खास की बेनाप भूमि पर बेनाप भवनों एवं परिसम्पत्तियों के प्रतिकर भुगतान की मांग की। जिस पर एसई पुनर्वास को जांच कर पत्रावाली प्रस्तुत करने को कहा गया। ग्राम कुमाईं तहसील जाखणीधार के लोगों ने ग्राम सभा सान्दणा कोट के कुमाईं नामे तोक में विद्युत लाइन बिछाने की मांग की।
जिस पर अधिशासी अभियन्ता विद्युत टिहरी को तत्काल विद्युत कनेक्शन दिए जाने को निर्देशित किया गया। ग्राम थान पट्टी नरेन्द्रनगर के चतर सिंह ने बकारा नामे तोक में स्थित भूमि के सीमांकन करवाए जाने की मांग की। जिस पर एसडीएम नरेन्द्रनगर को स्थलीय जांच कर कार्यवाही करने को कहा गया। रौलाकोट पट्टी रैका निवासी अरविन्द नौटियाल ने डोबरा-चांठी-मदननेगी सड़क तथा झीवाली-ओखला मोटर मार्ग पर आये मलबे को हटाने का अनुरोध किया। जिस पर ईई लोनिवि बौराड़ी को निरीक्षण कर प्राक्कलन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। डीएम ने मानसून के जल्दी आगमन पर आपदा, सड़क, पेयजल, सिंचाई, खाद्य आपूर्ति आदि सभी संबंधित विभागों को अपनी तैयारी रखने के निर्देश दिये। लोक निर्माण विभाग को सभी जेसीबी और लेबर की विभाग में पूर्ति करने और उनके दूरभाष नंबर आपदा के साथ शेयर करने को कहा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सरकार जनता के द्वार के दौरान गांव में भ्रमण करने के बाद उनकी समस्याओं का निवारण भी समय से करना सुनिश्चित करें। अधिकारियों को अपने विभागों और केंद्रों का निरीक्षण करने नियमित रिपोर्टिंग को निर्देशित किया। इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार, एसडीएम संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।

