गलत कदम: भाई की जमानत कराने को बहन ने किया ऐसा काम, पहुंच गयी सलाखों के पीछे

गलत कदम: भाई की जमानत कराने को बहन ने किया ऐसा काम, पहुंच गयी सलाखों के पीछे
Spread the love

तलाशी में 20 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद

उधमसिंहनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक और एक युवती को 20 ग्राम से अधिक स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त बाइक सहित गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार की गई युवती जेल में बंद अपने भाई की जमानत कराने के लिए इस आपराधिक कृत्य को अंजाम दे रही थी।
जानकारी के अनुसार बीते रोज थाना गदरपुर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ नशा तस्कर नशीले सामान की डिलीवरी हेतु आने वाले हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चला दिया। इस दौरान पुलिस को बकैनिया, सकैनिया क्षेत्र में बाइक सवार एक संदिग्ध पुरुष व महिला आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगे। इस पर उन्हें घेर कर रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 20 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उन्होने अपना नाम संजीव राजपूत (20 वर्ष), पुत्र स्व. ओमप्रकाश, निवासी चिड़ीपुरा, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश व कुमारी परमजीत कौर (26 वर्ष), पुत्री दयाल सिंह, निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि परमजीत कौर का बड़ा भाई राजेंद्र सिंह उर्फ राजू पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी कलकत्ती, थाना गदरपुर पूर्व में भी कई संगीन अपराधों और मादक पदार्थों की बिक्री के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में भी न्यायिक हिरासत में है। पूछताछ में परमजीत कौर ने बताया कि उसके भाई राजेंद्र उर्फ राजू के जेल जाने के बाद उसने स्मैक बेचने और कारोबार बढ़ाने के लिए संजीव राजपूत को अपने साथ रखा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने भाई की जमानत कराने के लिए यह आपराधिक कृत्य कर रही थी। बहरहाल पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओ में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal