उत्तराखंंड: वीरभूमि का एक और सपूत हवलदार जगेंद्र सिंह चौहान सियाचिन में शहीद

उत्तराखंंड: वीरभूमि का एक और सपूत हवलदार जगेंद्र सिंह चौहान सियाचिन में शहीद
Spread the love

 

 

देहरादून। देश सीमाओं की रक्षा करते हुए वीरभूमि उत्तराखंड के एक और सपूत ने अपनी शहादत देकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। देश की उत्तरी सीमा पर स्थित सियाचिन में तैनात हवलदार जगेंद्र सिंह चौहान पुत्र रिटायर्ड सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह चौहान, निवासी- ग्राम कान्हरवाला, भानियावाला (डोईवाला) देहरादून के शहीद होने की खबर सोमवार रात को उनके घर पहुंची। जांबाज चौहान की शहादत की खबर से क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

जानकारी के अनुसार, डोईवाला के कान्हरवाला, भानियावाला में रहने वाले जगेंद्र सिंह चौहान सियाचिन  में तैनात थे। उनके पिता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह चौहान और माता श्रीमती विमला देवी चौहान भानियावाला में रहते हैं। 35 वर्षीय जगेंद्र सिंह चौहान 325 लाइट ए डी बटालियन में सेवारत थे।

शहीद हवलदार जगेंद्र सिंह चौहान विवाहित थे। उनकी पत्नी का नाम श्रीमती किरण चौहान है उनकी कोई संतान नहीं है। सोमवार रात को सेना द्वारा उनके परिवार से संपर्क कर उनके शहीद होने की सूचना दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सियाचिन ग्लेशियर क्षेत्र में अत्यधिक बर्फबारी के कारण वहां से पार्थिव शरीर को लाने में समय लग रहा है।पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शहीद हवलदार जगेंद्र सिंह चौहान का पार्थिव शरीर कल शाम या परसों तक डोईवाला पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत अनेक नेताओं ने हवलदार चौहान की शहादत पर शोक संवेदना व्यक्त की है।

Parvatanchal