वन्य जीव: एक और हाथी ने तोड़ा दम , ट्रेन से टकराकर हुई मौत
लालकुआं। अभी आपसी संघर्ष में दो हाथियों के मारे जाने की घटना को सप्ताह भर भी नहीं हुआ कि उत्तराखंड में एक और हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। इस बार चलती ट्रेन से टकरा जाना हाथी की मौत का सबब बना। जानकारी के मुताबिक, लालकुआं से बरेली की ओर गिट्टी लेकर जा रही तेज गति की मालगाड़ी के इंजन से सुभाषनगर पुलिस चेक पोस्ट के पास एक हाथी टकरा गया, मौके पर देखे जा रहे निशानों से पता चलता है कि ट्रेन हाथी को काफी दूर तक घसीट कर ले गई, जिससे हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर रेलवे के मुख्य यातायात निरीक्षक काठगोदाम मोहन राम और बहेड़ी के पीडब्ल्यूआई नितीश कुमार तथा तराई पूर्वी वन प्रभाग गोला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आर पी जोशी दलबल सहित मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए थे। रेलगाड़ी से कटकर एक और हाथी की मौत की दर्दनाक घटना से वन महकमे में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि रेल विभाग और वन विभाग के बीच रात्रि के समय गूलरभोज मार्ग एवं बरेली मार्ग पर बहुत ही कम गति से रेल गाड़ी चलाने पर समझौता हुआ था, परंतु रेल विभाग पर वन विभाग ने अनुबंध का पालन न करने का आरोप लगाया है। लालकुआं के उक्त स्थान पर पूर्व में भी हाथियों की मौत हो चुकी है।

