कामयाबी : आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया युवती से दुष्कर्म का आरोपी शिक्षक
देहरादून। चकराता ब्लॉक के एक गांव की युवती से दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने नैनीताल से गिरफ्तार कर लिया । आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। 13 अप्रैल को पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता के भाई ने बताया कि उनके गांव का युवक पिया राम जोशी पुत्र रूप राम जोशी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात है। बीते नौ अप्रैल को शिक्षक पिया राम जोशी ने उन्हें फोन कर अपने सेब के बगीचे में पेड़ों की निराई और मेड़ बनाने के लिए बुलाया। उसने दस अप्रैल की सुबह आठ बजे अपनी बहन को बगीचे में भेज दिया। काम करते हुए शिक्षक पिया राम जोशी ने दोपहर के समय उसकी बहन को थकान होने की बात कहकर पेड़ की छांव में बैठने को कहा और कुछ देर बाद छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने जोर जबरदस्ती करते हुए उसके साथ दुराचार किया और किसी को बताने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। थोड़ी देर बाद जब आरोपी सो गया तो पीड़िता वहां से घर भाग गई। घर पहुंचकर उसने मां को आपबीती बताई। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की सगाई होने वाली थी। सदमे से बहन ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया, जिसका दून अस्पताल में उपचार कराया गया। वहां से 12 अप्रैल को उसे छुट्टी मिली। घटना के बाद से परिवार पर लगातार समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। थानाध्यक्ष चंद्र शेखर नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमें लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिक्षक पिया राम जोशी पुत्र रूप राम जोशी को नैनीताल के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

