सियासत: हरदा ने आज़ भी उठाए तीन मुद्दे, कहा- सरकार बनी तो पूरे होंगे वायदे
हल्द्वानी। चुनाव निपटने के बाद भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में लोगों से मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मतदान संपन्न होने के बाद से ही हरदा ने मतदाताओं के बीच पहुंच कर उनका आभार जताते हुए उनकी समस्याओं से रूबरू होने का जो सिलसिला शुरू किया था, वह गुरुवार को भी चलता रहा। हरीश रावत ने गौलापार पहुंच कर वहां स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उसके बाद वे स्थानीय नागरिकों से भी मिले। इस दौरान उन्होंने अपने किए गए वादों को दोहराया। गौलापार पहुंचकर उन्होंने बच्चों से मुलाकात करने के साथ ही सोशल मीडिया पर अपनी घोषणाओं को लेकर वचनबद्धता दोहराते हुए गुरुवार को अपनी नई पोस्ट डाली ।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत रोजाना कोई न कोई नई घोषणा के करते रहते हैं। ताज़ा पोस्ट में उन्होंने तीन प्रमुख घोषणाएं करते हुए भरोसा दिलाया है कि सरकार बनने पर इस घोषणाओं को पूरा किया जाएगा।
हरीश रावत ने लिखा है- ‘ कांग्रेस मांगलिक गीत गाने वाली महिलाओं को अट्ठारह सौ रुपए पेंशन देगी। साथ ही घसियारी सम्मान पेंशन के रूप में पांच सौ रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों से किए गए सभी वायदे प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मांगलगीत गाने वाले महिलाओं के लिए कांग्रेस की सरकार बनने पर 18 सौ रुपये की पेंशन दिए जाने की घोषणा की है। अपने फेसबुक पेज पर इसका जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा है कि लोग उनसे पूछ रहे हैं कि आप 10 मार्च तक कैसे अपना दिन बिताएंगे। इस पर उनका कहना है कि वह उत्तराखंड और उन लोगों के लिए कुछ करना चाहते हैं, जिनका उनके जीवन या राज्य के जीवन में महत्व रहा है। ऐसे ही लोगों में से एक हमारे गांवों में मांगलगीत गाने वाली महिलाएं भी हैं, जिनमें अधिकांश बुजुर्ग हैं। यह परंपरा कहीं टूट न जाए। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि इसलिए वह चाहते हैं कि इनको भी सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर वह तुरंत शगुन पेंशन प्रारंभ करेंगे। शगुन अक्षर मांगलिक गीत गाने वाली महिलाओं को बुजुर्ग आदि के बराबर ही 18 सौ रुपये पेंशन सरकार बनने के बाद प्रारंभ करेंगे।
अपने फेसबुक पेज और ट्वीटर पर घसियारी महिलाओं के एक चित्र को शेयर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने घसियारी सम्मान पेंशन योजना शुरू करने की घोषणा की है। कांग्रेस की सरकार बनने पर इस घोषणा के तहत घसियारी महिलाओं को पांच सौ रुपये की सम्मान राशि प्रतिमाह पेंशन के रूप में दी जाएगी। चित्र को शेयर करते हुए हरदा लिखते हैं कि चुनाव के अगले दिन जब सुबह उनकी नींद खुली तो इस फोटो को देखकर उन्हें अपनी मां याद आ गई। मां का ख्याल आते ही जैसे वह कह रही हों कि गरीबों के लिए कुछ करो। इस पर उन्होंने निर्णय लिया है कि सत्ता में आने पर वह घसियारी मां-बहनों के लिए सम्मान पेंशन योजना शुरू करेंगे।
कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व सीएम हरीश रावत का कहना है कि उन्होंने एक विशेष वादा अपने पुलिस के जवानों से किया है, वह वादा उनके ग्रेड पे से जुड़ा है। सरकार में आने पर वह पुलिस कर्मियों की इस मांग और अन्य मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में उन्होंने पुलिस विभाग के रिक्त पदों को भरने में हमेशा वरीयता दी है। पुलिस भर्ती के रिकॉर्ड से और उनकी प्रमोशन की संख्या के रिकॉर्ड से भी इस बात को देखा व समझा जा सकता है। क्योंकि पुलिस को प्रत्येक परिस्थिति में 24 घंटे सातों दिन काम करना होता है। इसलिये वह स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर सामान्य तौर पर अन्य कर्मचारी संगठनों की मांगों से इतर पुलिस कर्मियों की मांगों को प्राथमिकता के तौर पर हल किया जाएगा।
