दुखद: मतदानकर्मियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, अन्य तीन घायल
देहरादून। पचास साल के रणवीर सिंह नेगी मतदान ड्यूटी करने गढ़वाल गये थे लेकिन जिंदा वापस नहीं लौट सके। एक सड़क हादसे में उनकी जान चली गई। इसके बाद से उनके परिवार में कोहराम मचा है। दरअसल, गढ़वाल में मतदान ड्यूटी करके वापस घर लौट रहे कर्मचारियों की कार मंगलवार सुबह पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर भटकोट के समीप अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, देहरादून के कुछ कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी नैनीडांडा ब्लॉक के अलग-अलग क्षेत्रों में लगी थी।मतदान संपन्न होने के बाद वे चुनाव से सम्बंधित सामान जमा करवाने मंडल मुख्यालय पौड़ी गये हुए थे। सामान जमा करवाने के बाद मंगलवार को चारों कर्मचारी कार से वापस देहरादून स्थित अपने घरों को लौट रहे थे। पौड़ी-देवप्रयाग हाईवे पर भटकोट के पास पहुंचते ही उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 250 मीटर नीचे ग़हरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार देहरादून के भानियावाला निवासी रणवीर सिंह नेगी (50) की मौके पर ही मौत हो गई । हादसे में ऋषिकेश के सुमन विहार निवासी जय सिंह(54), देहरादून के हाथीबड़कला निवासी सुरेंद्र सिंह रावत (54) और विकासनगर निवासी नरेंद्र सिंह गुसाई (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची। टीम ने उन्हें खाई से निकालकर नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
