कामयाबी: अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दबोचे दो नशा तस्कर, कब्जे से गांजा व चरस बरामद

कामयाबी: अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दबोचे दो नशा तस्कर, कब्जे से गांजा व चरस बरामद
Spread the love

 

अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया, जो पिट्ठू बैग में करीब 1.45 लाख रुपये कीमत का गांजा ले जा रहा था। पुलिस ने युवक को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। मामला मंगलवार का है, जब सल्ट पुलिस की टीम नैल तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिया पर एक युवक पिट्ठू बैग के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को संदेह हुआ तो युवक से बैग में रखे सामान के बारे में पूछताछ की गई। पहले तो उसने बहाने बनाए और कपड़े होने की बात कही, लेकिन जब बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर 5.825 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मुरादाबाद निवासी चमन सिंह के रूप में हुई, जो सराईंखेत से गांजा खरीदकर मुरादाबाद ले जा रहा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इसे ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था और खुद भी नशे का आदी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सल्ट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम में अपर निरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह, कांस्टेबल रवि प्रताप और नरेंद्र सिंह शामिल रहे।

1.47 लाख रुपए की चरस के साथ रिसॉर्ट का गार्ड गिरफ्तार
एक अन्य मामले में लमगड़ा पुलिस ने मंगलवार रात 738 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। मामला लमगड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां शहरफाटक तिराहे पर पुलिस चेकिंग के दौरान हेमंत नामक युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 738 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी मुक्तेश्वर का रहने वाला है और वहां एक रिसॉर्ट में गार्ड की नौकरी करता है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह चरस घर पर तैयार कर अल्मोड़ा में ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लमगड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद चरस की कीमत करीब 1.47 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। यहाँ पुलिस टीम में लमगड़ा थाना प्रभारी राहुल राठी के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही, जिसमें उप-निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल दीवान सिंह बोरा, केशव भौंत और विनोद कुमार शामिल रहे।

Parvatanchal