ब्रेकिंग न्यूज: पुलिस मुठभेड़ के बाद हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार,पैर में गोली लगने से हुआ घायल

रुड़की। मंगलौर के अंकित हत्याकांड में फरार चल रहे मास्टमाइंड से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने अपने आप को बचाने के लिए पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की तरफ से भी आरोपी की फायरिंग की जवाब दिया गया। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांसिपुर गांव में हुई। इस मामले की जानकारी मिलते ही एसपी देहात समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। गोली लगने से घायल हुए आरोपी को पुलिस ने रुड़की के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि मंगलौर कोतवाली पुलिस बुधवार रात को कांवड़ पटरी पर गश्त कर रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि झबीरन गांव में बीते दिनों हुए अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित पुत्र मांगेराम, निवासी ग्राम कुरड़ी मंगलौर इसी इलाके में है और जल्द ही वो भागने वाला है। पुलिस ने देरी किए बिना रोहित को पकड़ने के लिए अपना जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी कर रोहित को तांसिपुर गांव में रोकने का प्रयास किया तो उसने खेतों में छुपते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। रोहित की फायरिंग के कारण पहली बार तो पुलिस पीछे हट गई, लेकिन पुलिस ने जब दोबारा रोहित को पकड़ने की कोशिश की तो वो फायरिंग करते हुए भागने लगा। इस बार पुलिस की तरफ से भी रोहित की फायरिंग का जवाब दिया गया। पुलिस की तरफ से चलाई गई एक गोली रोहित के पैर में लगी, जिससे वो घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल हालत में पुलिस रोहित को रुड़क के सिविल हॉस्पिटल में लेकर गई।
उधर सूचना पाकर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ मंगलौर विवेक कुमार और रुड़की सीओ नरेंद्र पंत मौके पर पहुंचे और मामले छानबीन की।
