दुस्साहस: लकड़ी चोरों का वन दरोगाओं पर जानलेवा हमला, बंदूक तोड़ी,कारतूस लूटे,मामला दर्ज

दुस्साहस: लकड़ी चोरों का वन दरोगाओं पर जानलेवा हमला, बंदूक तोड़ी,कारतूस लूटे,मामला दर्ज
Spread the love

 

हलद्वानी। देर रात को गश्त पर निकले भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मोहन सिंह और मनोज कुमार को वन माफियाओं ने वाहन से कुचलकर मारने का प्रयास किया और मारपीट की। इतना ही नहीं माफियाओं ने वन दारोगाओं से सरकारी बंदूक छीनकर तोड़ डाली। पीड़ितों ने माफियाओं के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले में छानबीन करने में जुट गयी है।
वन दरोगाओं ने मुखानी पुलिस को बताया कि रात को वह लामाचौड़ अनुभाग में मोटर साइकिल से गश्त पर निकले थे। वन निगम कटान प्लॉट लामाचौड़ 96 लॉट संख्या 27 पर पहुंचे तो दो मोटरसाइकिल पर सवार लोग और उनके पीछे ट्रैक्टर को जाते देखा। वन दरोगाओं ने उक्त लोगों का पीछा किया। रात होने की वजह से टॉर्च की रोशनी और आवाज लगाकर उन्हें रुकने को कहा, लेकिन वो नहीं रुके। वन दरोगाओं ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। इस दौरान दोनों मोटरसाइकिल सवार वन दरोगा जमीन पर गिर गए। उन्होंने उठकर दोबारा पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट पर ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया। तस्करी और शिकार के शक पर जब वन दरोगाओं ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़ने का प्रयास किया तो आरोपी मारपीट करने लगे। वन दरोगाओं को जमीन पर गिरा कर बुरी तरह पीट डाला। दरोगा मोहन सिंह का मोबाइल और मनोज कुमार की मोटरसाइकिल तोड़ डाली। मोहन सिंह से सरकारी बंदूक छीन कर उसे भी तोड़ दिया और 6 कारतूस लूट लिए। मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वन बैरियर पर लगी रस्सी काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ फरार हो गए। घटना में वन दरोगाओं को चोटें आई हैं। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता का कहना है कि तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Parvatanchal