चुनावी रण: माकपा प्रत्याशी कामरेड कमरूद्दीन के लिए बीजू कृष्णणन ने मांगे वोट
सहसपुर विधानसभा सीट से वाममोर्चा के उम्मीदवार हैं कमरूद्दीन
भारतरत्न लता मंगेशकर के निधन पर सभा में रखा गया दो मिनट का मौन
देहरादून।
वाममोर्चा के माकपा प्रत्याशी कामरेड कमरूद्दीन के लिए पार्टी की केन्द्रीय कमेटी के सदस्य कामरेड बीजू कृष्णणन ने वोट मांगें। वे सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में जनसम्पर्क एवं सभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जबसे केन्द्र व राज्य में भाजपा सरकार सत्ता में आयी है तबसे आम जनता को भारी कष्टों का सामना करना पड़ रहा है। बेतहाशा मंहगाई तथा बेरोजगारी के परिणामस्वरूप आज आम जनता त्रस्त है और वह इस सरकार को बदलने का मन बना चुकी है । उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 14 फरवरी को मतदान केन्द्र में जाकर चुनाव चिन्ह हंसिया,हथौड़ा एवं सितारे के आगे का बटन दबाकर उनकी विजय सुनिश्चित करें ।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष एवं चुनाव संयोजक कामरेड शिवप्रसाद देवली ने कहा कि बीजेपी तथा कांग्रेस ने क्षेत्र के विकास की अनदेखी की है ,जबकि मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी कमरूद्दीन निरन्तर जनमुद्दों तथा आपसी सदभाव के लिए कार्य करते रहे हैं ।
इस अवसर पार्टी प्रत्याशी कामरेड कमरूद्दीन ने मतदाताओं से उन्हें विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनकी विजय से क्षेत्र में शीशमबाड़ा कूडा़ घर प्राथमिकता के साथ विधानसभा क्षेत्र से हट जाएगा, सिडकुल फैक्ट्रियों में ठेका प्रथा की समाप्ति तथा न्यूनतम मजदूरी 21 हजार रुपये करना, स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाना, विधायक निधि में 40 प्रतिशत कमीशन खत्म करना, गन्ने का मूल्य पांच सौ रुपये कराना, क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं शिक्षा का विस्तार तथा 100 शैय्याओं के अस्पताल का निर्माण कराना, रेशम कुकुन के न्यूनतम दाम 600 रुपये किलो कराना, आशा, आंगनबाड़ी को भोजन माताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करवाना, घोषित न होने तक 24 हजार रुपए न्यूनतम वेतन कराना, पंचायत, वन एवं बंजर भूमि में बसे गरीबों व भूमिहीनों को मालिकाना हक सुनिश्चित कराना, जंगली जानवरों से सुरक्षा की गांरटी, बाढ़ से सुरक्षा, विकलांग, वृद्धा ,बेरोजगारों, विधवाओं को कम से कम 5 हजार रुपए पेंशन दिलाने के लिए संघर्ष करना तथा बेरोजगारों को रोजगार हेतु 10 लाख का ब्याजरहित ऋण मुहैया कराने जैसे प्रमुख मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

इस अवसर पर पूर्व प्रमुख राजेंद्र पुरोहित, राजेश कुमार ,पूर्व प्रधान सुन्दर थापा, दमयंती नेगी, हिमांशु चौहान, सत्यम, एन एस पंवार, अमर बहादुर, सुबोध, शिशु पाल सिंह नेगी, लेखराज, अनन्त आकाश, रविन्द्र नौडियाल, शाहबुद्दीन,चन्द्र मोहन गैरोला, प्रमोद शर्मा, अशोक तोमर,जितेंद्र गुप्ता,अब्दुल सलीम, महमूद,अश्विनी डोगरा व जयपाल सिंह आदि ने विचार व्यक्त किये। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा व जन सम्पर्क अभियान आरकेडिया, बडोवाला, सहसपुर, भाऊवाला ,सेलाकुई व सभावाला आदि क्षेत्रों चलाया गया ।
