खा़स ख़बर: संसदीय कार्य मंत्री पर मानहानि का मामला दर्ज करायेंगे कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट

खा़स ख़बर: संसदीय कार्य मंत्री पर मानहानि का मामला दर्ज करायेंगे कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट
Spread the love

 

संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कांग्रेस विधायक पर लगाया था सदन में शराब पीकर आने का आरोप
 
देहरादून। उत्तराखंड बजट सत्र 2025 के पहले दिन संसदीय कार्यमंत्री और कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट के बीच हुई नोकझोंक का मामला अब गरमाने लगा है। इस पर मदन बिष्ट का बयान सामने आया है। उन्होंने मानहानि का केस करने की बात कही है।
वर्तमान में उत्तराखंड का बजट सत्र चल रहा है। मंगलवार 18 फरवरी को सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट और संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बीच तीखी नोंकझोंक हो गई थी। संसदीय कार्यमंत्री ने विधायक पर सदन में शराब पीकर आने का आरोप लगाया था। संसदीय कार्यमंत्री द्वारा लगाए गए इन संगीन आरोपों को लेकर कल कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट को संज्ञान नहीं था, लेकिन आज जब उन्हें इस विषय में जानकारी हुई तो उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि यह बेहद गलत है। उन्होंने कहा कि उनके साथ संसदीय कार्यमंत्री द्वारा बेहद अभद्र व्यवहार किया गया और ऐसे दुत्कारा गया, जैसे उनकी कोई इज्जत ना हो। मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि वह भी एक विधायक जनप्रतिनिधि हैं। मंत्री भी विधायक से ही बन कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह इस पर मंत्री के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे और सदन में भी इस विषय को उठाएंगे। वहीं, दूसरी तरफ कल मुख्यमंत्री ने भी इस पर अपनी टिप्पणी की थी कि सदन में अभद्रता करना हमारी कार्यसंस्कृति का हिस्सा नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष भी इस विषय पर काफी गुस्से में नजर आई थीं। हालांकि विधायक बिष्ट की मेडिकल जांच नहीं कराई गई जिससे प्रामाणिक तौर पर उनके शराब पीने की पुष्टि हो पाती। राजनैतिक हलकों में इस प्रकरण को विपक्षी विधायकों, ख़ासतौर पर कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट की छवि धूमिल करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

 

Parvatanchal