दुखद: आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी तेज़ रफ़्तार कार, सेना के जवान समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। देर रात हल्द्वानी से लालकुंआ जा रही तेज रफ्तार कार तीनपानी चौराहे के पास आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए । हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, गौरव जोशी की बागेश्वर में मोबाइल की दुकान है। दुकान का सामान लेने तीनों दोस्त संजीव की कार से रविवार को हल्द्वानी आए थे। तीनों दोस्त खरीदारी करने के बाद किसी काम से रात में लालकुआं जा रहे थे। रात करीब 2.27 मिनट पर उनकी कार तीनपानी के पास एक 14 टायर वाले ट्रक से टकरा गई। टकराने के बाद जहां कार के परखच्चे उड़ गए वहीं एयर बैग भी खुलने के बाद फट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद मंडी पुलिस चौकी प्रभारी प्रेम विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने तीनों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 25 वर्षीय संजीव कुमार चौबे पुत्र पूरन सिंह निवासी छाती उडेरा बागेश्वर और 27 वर्षीय गौरव जोशी पुत्र भुवन चंद्र निवासी बिलौना बागेश्वर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी 26 वर्षीय हिमांशु कुमार पुत्र कुंदन प्रसाद, निवासी बिलौना सेरा को प्राथमिक इलाज के बाद निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हिमांशु के सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। बता दें मृतक संजीव कुमार तीन साल पहले सेना में भर्ती हुआ था जबकि गौरव की बागेश्वर में मोबाइल की दुकान थी। हिमांशु एक निजी कंपनी में इंजीनियर है और वह कोविड काल से वर्क फ्राम होम पर है।
हादसे के बाद नहीं रुका ट्रक चालक
तीनपानी के पास कार की टक्कर लगने के बाद ट्रक के पीछे डाले की सुरक्षा के लिए लगाया गया स्कूटी का टायर भी मौके पर गिर गया था। टक्कर लगने के बाद ट्रक नहीं रुका और आगे निकल गया। पुलिस ट्रक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी की मदद ले रही है। अंधेरा होने के कारण ट्रक का पता नहीं लग पाया है। इस मामले में मृतक और घायल के परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की अपने स्तर से जांच कर रही है।

