सीनाजोरी: प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोकने पर राजाजी पार्क में दो वनकर्मियों से मारपीट
ऋषिकेश। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के चीला-मोतीचूर कॉरिडोर में बकरियां चराने से रोकने पर चार लोगों ने दो वनकर्मियों को जमकर पीट दिया। घटनाक्रम का वीडियो बनाने के दौरान आरोपियों ने वनकर्मी का मोबाइल भी छीन लिया। घटना की जानकारी रेंज कार्यालय तक पहुंची तो आनन-फानन में वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, मामले में वन दारोगा की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रायवाला पुलिस के मुताबिक यह घटना बीते 15 फरवरी की है। पार्क की मोतीचूर रेंज के वन दारोगा मनोज चौहान ने तहरीर दी। बताया कि वनकर्मी सत्येंद्र जयाड़ा और अभय रेंज की चीला-मोतीचूर कॉरिडोर बीट में गश्त पर थे। इसी बीच उन्हें पार्क क्षेत्र में एक शख्स बकरी चराता नजर आया। युवक को वनकर्मियों ने प्रतिबंधित क्षेत्र का हवाला देकर समझाया। वापस जाने के लिए कहा तो युवक ने न सिर्फ अभद्रता शुरू की, बल्कि कुछ साथियों को भी मोबाइल से कॉल कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि इनमें से तीन लोगों ने इरादतन ढंग से लाठी और डंडों से जानलेवा हमलाकर वनकर्मी अभय और सत्येंद्र को जख्मी कर अचेत अवस्था में छोड़ दिया। नामजद तहरीर पर पुलिस ने नहार सिंह समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थानाध्यक्ष बीएल भारती ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए हैं।

