खुलासा: अंग्रेजी शराब के ठेके में हुई चोरी का पर्दाफाश, चुराई गई नकदी के साथ दो गिरफ्तार
हरिद्वार। थाना कनखल स्थित अ्रंग्रेजी शराब ठेके में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चुराई गयी 37 हजार की नगदी भी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार, बीती सुबह सचिन दिवाकर पुत्र गंगाराम निवासी कनखल हरिद्वार द्वारा थाना कनखल में तहरीर देकर बताया गया कि बीती रात किसी अज्ञात चोर ने जगजीतपुर स्थित उनकी अंग्रेजी शराब की दुकान के पिछले गेट का ताला तोड़कर दुकान के अन्दर काउन्टर में रखा बैग जिसमें लगभग 37 हजार रूपये व कुछ दस्तावेज रखे थे, को चोरी कर लिये गये है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खोखरा तिराहा जगजीतपुर के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे से दो संदिग्ध को दबोच लिया। उनकी तलाशी ली गई तो एक बैग जिममें 37150 रुपये, ठेके से सम्बन्धित दस्तावेज एवं एक तमंचा 12 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए आरोपी 17 फरवरी को अपने जिले श्रावस्ती से हरिद्वार आये थे तथा रात के समय घूमते हुए जगजीतपुर अंग्रेजी शराब के ठेके के पास पहुँचे। पैसों की कमी के चलते दोनों ने ठेके की रैकी की और फिर पिछली तरफ ही सो गये। आधी रात को मौका पाकर दोनों ने पिछली तरफ बने दरवाजे का ताला तोड़कर अन्दर काउन्टर से पैसो से भरे बैग को चोरी कर लिया। आरोपी आज फिर किसी दूसरी दुकान में वारदात को अंजाम देकर रात में ट्रेन के जरिए श्रावस्ती जाने की फिराक में थे। पकड़े गये आरोपियों के नाम अय्याश खान पुत्र जुमई खां, निवासी बनकटी थाना हरदथनगर ग्रान्ट जिला श्रावस्ती उ.प्र. व भूरे खान पुत्र गुलाब खान निवासी बनकटी थाना हरदथनगर ग्रान्ट जिला श्रावस्ती उ.प्र. बताया जा रहा है। एक आरोपी अय्याश खान पूर्व में भी मुम्बई के थाना शाहूनगर व थाना अम्बावली से चोरी के अपराध में जेल जा चुका है तथा अभी जमानत पर है।

