दुखद समाचार: नहीं रहे प्रसिद्ध गढ़वाली हास्य कलाकार ‘घन्ना भाई’, लंबी बीमारी से हुआ निधन

दुखद समाचार: नहीं रहे प्रसिद्ध गढ़वाली हास्य कलाकार ‘घन्ना भाई’, लंबी बीमारी से हुआ निधन
Spread the love

देहरादून। गढ़वाली फिल्मों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दर्शकों को अपने ख़ास अंदाज़ में हंसाने-गुदगुदाने वाले उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद ‘घन्ना भाई’ अब नहीं रहे। गंभीर बीमारी के चलते कई दिनों से महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती 72 वर्षीय घनानंद का सघन इलाज चल रहा था, किंतु तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। मंगलवार दोपहर अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

परिजनों के अनुसार, अस्पताल में गहन चिकित्सा के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। चिकित्सक उनका जीवन बचाने की जद्दोजहद कर रहे थे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार अब कल उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। घनानंद की मृत्य से कला जगत में शोक की लहर है। उनके लाखों प्रशंसक व्यथित हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और हास्य अभिनय में घनानंद का नाम बहुत आदर के साथ लिया जाता था। उनके प्रशंसकों द्वारा अब अपने प्रिय कलाकार को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया है। उनकी आकस्मिक मृत्यु पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस नेताओं व विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को प्रदेश की कला, संस्कृति और रंगमंच के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है। पर्वतांचल परिवार की ओर से दिवंगत घन्ना भाई को शोक श्रद्धांजलि!!

Parvatanchal