दुखद: पहाड़ में फिर गिरी गाड़ी, तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत
प्रतीकात्मक फोटो
चमोली। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में वाहन दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसी ही एक दुर्घटना की खबर शनिवार को जनपद के घाट विकासखंड से आई है जहां रामणी गांव के निकट हुई एक मैक्स दुर्घटना में तीन युुवकों की दर्दनाक मौत होने की सूचना मिली है। इस दुर्घटना की जानकारी ग्रामीणों को शनिवार की सुबह मिल पाई। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात को करीब साढ़े सात बजे घूनी-रामणी मोटर मार्ग पर एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है कि क्षेत्र में मौसम बेहद खराब था, जिससे रात को किसी को भी दुर्घटना का पता नहीं चल पाया। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वह जंगल का क्षेत्र है। रामणी गांव के ग्राम प्रधान सूरज पंवार ने बताया कि वाहन रामणी गांव से घूनी जा रहा था। शनिवार की सुबह जब रामणी गांव से एक वाहन घूनी गांव की ओर जा रहा था, तो वाहन में सवार लोगों को खाई में गिरा हुआ वाहन दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उसके बाद हादसे की सूचना राजस्व पुलिस को भी दी गई।
राजस्व पुलिस के अनुसार, हादसे में मारे गए लोगों की पहचान प्रकाश सिंह (30) पुत्र कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह (33 ) पुत्र कैलाशी सिंह व तोता राम (40) सभी रामणी गांव निवासी के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
