शिकंजा: पुलिस ने दबोचा नशा तस्कर, ऑल्टो कार की तलाशी में 1.206 किलोग्राम चरस बरामद
हल्द्वानी। हैड़ाखान-खनस्यूं से लाकर हल्द्वानी के मंडी इलाके में चरस खपाने के बाद मोटा मुनाफा कमाने के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। पहाड़ से चरस लाकर आरोपी यहां फुटकर में बेचता था। आरोपी पर एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने चरस बरामदगी का खुलासा किया। काठगोदाम एसओ दीपक सिंह बिष्ट ने बताया कि रविवार रात सूचना पर हैड़ाखान रोड वन बैरियर के पास पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हल्द्वानी की ओर आ रही एक ऑल्टो कार को पुलिस ने रोका। शक के आधार पर कार चालक व वाहन की तलाशी ली तो 1.206 किलोग्राम चरस बरामद हुई। मौके से आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया। आरोपी की पहचान बच्ची राम निवासी पुरानी आईटीआई, बरेली रोड हल्द्वानी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से ग्राम सालिया कोट, कश्यालेख नैनीताल का रहने वाला है। पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीम में एसआई कृपाल सिंह प्रभारी, नीतू सिंह व मनोज सिंह राणा रहे।

