ख़ास ख़बर: बांग्लादेश से आए युवक ने किया था अभिनेता सैफ अली पर हमला, अब आया गिरफ्त में
मुंबई। सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है। जांच-पड़ताल में पता चला कि वह एक बांग्लादेशी नागरिक है और चोरी के इरादे से सैफ के घर में घुसा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। आरोपी को बांद्रा कोर्ट में पेश किया और आरोपी के लिए 14 दिन की पुलिस कस्टडी की मांग की, लेकिन कोर्ट ने पुलिस को 5 दिन की कस्टडी दी है। पुलिस ने आरोपी को 72 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा है, बताया जा रहा है कि आरोपी पकड़ने में एक कॉन्ट्रैक्टर ने टिप दी थी।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद इलियास शरीफुल इस्लाम शहजाद तक पहुंचने में एक लेबर कॉन्ट्रैक्टर (ठेकेदार) ने मुंबई पुलिस की मदद की। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने आरोपी का पता लगाने के लिए कई टीम बनाई थीं। आरोपी दो दिन से अधिक समय से फरार था।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी तीन बार दादर रेलवे स्टेशन के बाहर देखा गया था और वह वर्ली कोलीवाड़ा भी गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पाया कि हमलावर इलाके में एक लेबर कॉन्ट्रैक्टर के पास गया था।
उन्होंने कहा कि श्रमिक ठेकेदार ने पुलिस को हमलावर के बारे में सारी जानकारी दी और उसकी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे ठाणे के एक वन क्षेत्र में स्थित लेबर कैंप में खोज निकाला। अधिकारी ने बताया कि आरोपी पहले ठाणे के एक होटल में काम कर चुका है और अब तक उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि गुरुवार की रात इस घटना को अंजाम देने के बाद मुंबई में एक जगह से दूसरी जगह घूम रहा था। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले दादर से वर्ली गया था। इसके बाद उसने वर्ली में नाश्ता किया था। उसने नाश्ता उसी होटल में किया था जहां वह पहले काम करता था। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी फिर दादर आया और फिर दादर से ठाणे पहुंचा। वह ठाणे में एक होटल में काम कर रहा था। इस होटल में उसके अच्छे काम के लिए उसकी तारीफ भी की गई थी। इसलिए उसकी इमेज यहां काफी अच्छी है। पुलिस को जब पता चला कि किसी पांडे नाम के ठेकेदार ने आरोपी को कहीं पर रखा है तो उससे संपर्क किया गया और बाद में उसकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के बाद से काफी समय तक आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद रखा था, लेकिन घटना के कुछ दिन बीतने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन पहले कुछ देर के लिए ऑन किया था। इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन मिली थी। बताया जा रहा है कि जिस दिन आरोपी सैफ अली खान के घर पर चोरी के इरादे से पहुंचा था उस समय भी उसके बैग में मोबाइल फोन था। पुलिस की जांच में बाद में पता चला था कि सैफ अली खान के घर पर किसी नए नंबर का मोबाइल फोन ऑन मिला था। उसके बाद से ही पुलिस की टीम इस नंबर को लगातार ट्रेस कर रही थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने जब दूसरी बार अपना फोन ऑन किया तो उसकी लोकेशन मुंबई के ठाणे में आई। इसके बाद ही पुलिस की टीम संभावित लोकेशन के आसपास पहुंची। पुलिस को अपने आसपास देखकर आरोपी एक सुनसान इलाके में छिपने की कोशिश करने लगा लेकिन इससे पहले की वह पुलिस की नजर से ओझल हो पाता। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश कर दिया है। कोर्ट ने आरोपी को पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट में पेश किए जाने से पहले पुलिस ने आरोपी का मेडिकल टेस्ट करवाया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी इस घटना को लेकर कई बड़े खुलासे कर सकता है। इस मामले में अभी भी ये बड़ा सवाल बना हुआ है कि आखिर आरोपी बगैर किसी के नजर में आए सैफ अली खान की बिल्डिंग से बाहर कैसे निकल गया। आरोपी अब रिमांड के दौरान इस जैसे कई सवालों के जवाब दे सकता है।
मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से हुई शुरुआती पूछताछ में उसने कबूल किया है कि वह सैफ अली खान के घर में चोरी करने के इरादे से घुसा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी तक की जांच से ये तो साफ है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस घटना को अंजाम देने के बाद बांग्लादेश भागने की फिराक में भी था, लेकिन इससे पहले की वह ऐसा कर पाता पुलिस ने उसे रविवार तड़के गिरफ्तार कर लिया।
