कांग्रेस: प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने सरकार से मांगा भाजपा सांसदों के गोद लिए गांवों का ब्योरा

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार ने प्रवासी सम्मेलन बुलाकर प्रवासी उत्तराखंडीयों का सम्मान किया, जो सराहनीय और स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि प्रवासी तो गांव गोद लेंगे और विकास भी करेंगे, इस पर कांग्रेस पार्टी को पूरा भरोसा है। मगर भाजपा के सांसदों ने जो गांव गोद लिए थे, उन गांवों में कितना विकास हुआ, यह भी सरकार को बताना चाहिए। प्रचंड बहुमत की सरकार सरकारी खजाने से भी अगर गांव का विकास नहीं कर पाई है तो इससे ज्यादा निराशाजनक बात और क्या हो सकती है। जबकि लोकसभा और राज्यसभा की सभी सीटों पर भाजपा का लगातार कब्जा है। विधानसभा में भी दूसरी बार भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधि अगर अपनी सरकार होते हुए भी भारी भरकम सरकारी धन खर्चने के बाद भी गांवों का विकास करने में विफल रहे हैं, तो इसका मतलब साफ है, भाजपा राज में कोई काम नहीं हो रहा है। भाजपा की गाड़ी झूठे वादों के साथ आगे बढ़ रही है।
