मौसम: नैनीताल, रामगढ़ और मुक्तेश्वर में साल की पहली बर्फबारी, पर्यटकों ने उठाया लुत्फ़

मौसम: नैनीताल, रामगढ़ और मुक्तेश्वर में साल की पहली बर्फबारी, पर्यटकों ने उठाया लुत्फ़
Spread the love

 

नैनीताल।  सरोवरनगरी नैनीताल में लगातार बढ़ रहे पारे से राहत मिली है। रविवार तड़के पांच बजे के करीब शहर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में साल की पहली बर्फबारी हुई। इसके अलावा रामगढ़ और मुक्तेश्वर की चोटियां भी बर्फ से ढ़की नजर आईं। पर्यटकों ने बर्फबारी का दिनभर खूब लुत्फ उठाया। नैनीताल में 2022 के बाद पहली बार जनवरी में अच्छी खासी बर्फबारी देखने को मिली।

नैनीताल में रविवार को साल की पहली और सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। करीब चार इंच तक हुई बर्फबारी का पर्यटकों व स्थानीय ने लुत्फ उठाया। रविवार सुबह 5 बजे शहर के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फ पड़नी शुरू हुई। करीब एक घंटे में चोटियां और पेड़ बर्फ से ढ़के नजर आए। नैना पीक, स्नोव्यू, कैमल्स बैक, टिफिन टॉप की पहाड़ियां बर्फ से लकदक नजर आईं। इन क्षेत्रों में पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। बर्फबारी होने से एक ही दिन में नैनीताल में करीब 10 हजार से अधिक सैलानी पहुंचे। 2022 में जनवरी में इसी तरह अच्छी बर्फबारी देखने को मिली थी, तब से जनवरी में कभी भी इतनी बर्फ नहीं गिरी। वहीं, सीजन की बात करें तो दिसंबर के बाद जनवरी में भी बर्फ पड़ने से पर्यटन कारोबार में भी बूम आने की उम्मीद है। शहर के हिमालय दर्शन क्षेत्र में पर्यटकों ने जमकर बर्फबारी का आनंद उठाया और खूब मस्ती करते नजर आए। पंगोट में भी बर्फबारी हुई।

Parvatanchal