कामयाबी: नशा तस्करी में लिप्त जीजा-साला रंगेहाथ गिरफ्तार, तलाशी में लाखों की स्मैक बरामद
रुद्रपुर। पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में जीजा-साले को गिरफ्तार किया है। उनके पास से स्मैक बरामद की है। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि गांव बिसौटा के नशा तस्कर अब सिसईखेड़ा की ओर से स्मैक की तस्करी कर रहे हैं। एसओ उमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिसईखेड़ा के आसपास गांव बिसोटा के नशा तस्करी के आरोपी सतपाल सिंह उर्फ काकू पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी गिधौर हाल निवासी गांव बिसोटा और उसके जीजा सोनू सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी सिसौना को बाइक से स्मैक बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने बाइक भी सीज कर दी। इससे पहले 28 दिसंबर 2024 को गांव बिसौटा के प्रमुख नशा तस्करी के आरोपी सुखविंदर उर्फ बिट्टू को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने में नानकमत्ता पुलिस ने सफलता पाई थी। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि नशा तस्करी के आरोपी सतपाल उर्फ काकू भी सुखविंदर उर्फ बिट्टू के परिवार के साथ ही बिसोटा में रहकर नशा तस्करी में संलिप्त था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया।
दूसरी ओर, पुलिस ने गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों के पास से 20.72 ग्राम स्मैक बरामद की। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि रविवार को एमबीआर गेट से किशनपुर वन क्षेत्र को जाने वाले कच्चे रास्ते से पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों युवकों के पास से 20.72 ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। आरोपियों ने अपना नाम वीरू पुत्र अमरीश कुमार निवासी ग्राम गोविंदनगर, शक्तिफार्म और गौरंग मंडल पुत्र गौतम मंडल निवासी गांव निर्मल नगर बताया। पूछताछ में दोनों लोगों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं। गौला नदी के किनारे रहने वाले युवक से उसने स्मैक खरीदी है। पुलिस ने दोनों लोगों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। सोमवार को अदालत में पेश किया।

