दुखद: फेरी लगाकर जीवन-यापन करने वाला युवक गैस चूल्हे की सर्विस करते झुलसा, हालत गंभीर
काशीपुर। गैस चूल्हे की सर्विस करने के दौरान अचानक गैस लीक हो गई और आग लग गई। इससे सर्विस कर रहा युवक बुरी तरह झुलस गया। आग लगने पर मौके पर भगदड़ मच गई। परिजनों ने झुलसे युवक को गंभीर हालत में बाजपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। सीमावर्ती क्षेत्र मसवासी के मोहल्ला भूबरा वार्ड संख्या 3 निवासी जसवंत मौर्य का 15 वर्षीय बेटा विपिन मौर्य फेरी लगाकर गैस चूल्हे की सर्विस और सामान की बिक्री का कार्य करता है। बताते हैं कि शुक्रवार को विपिन उत्तराखंड बाजपुर के गांव महेशपुरा में फेरी लगाने गया था। शाम के समय विपिन गांव के एक घर में गैस चूल्हे की सर्विस कर रहा था। सर्विस के दौरान अचानक गैस लीक हो गई और आग लग गई। आग लगने पर मौके पर भगदड़ मच गई। दुर्घटना में विपिन बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और मामले की सूचना विपिन के परिजनों को दी। सूचना पर आनन-फानन में मौके पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर हालत में विपिन को बाजपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया है कि विपिन की हालत गंभीर बनी हुई है। बाजपुर के एक अस्पताल में विपिन का उपचार चल रहा है।

