खलबली: ठेली पर ठिठुरता मिला डेढ़ साल का मासूम, महिला ने उठाकर सौंप दिया पुलिस को
रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे के पास बुधवार सुबह कुछ लोगों को एक ठेली में डेढ़ साल का मासूम मिला। इसके बाद एक महिला उसे कोतवाली लेकर पहुंची और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। करीब दो घंटे बाद बच्चे की मां भी कोतवाली पहुंच गई। वहीं पुलिस ने बच्चे को बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) को भेज दिया है। बुधवार सुबह काशीपुर हाईवे के पास सड़क किनारे एक ठेली पर कुछ लोगों ने करीब डेढ़ साल के मासूम को ठंड से ठिठुरता देखा। काफी देर तक मासूम के परिजनों का पता नहीं चलने पर एक महिला उसे लेकर कोतवाली पहुंच गई। इसके बाद महिला दरोगा ने मासूम को सीडब्लूसी भेज दिया। इसके कुछ घंटे बाद एक महिला खुद को बच्चे की मां बोलकर कोतवाली पहुंची। पुलिस ने उसे भी सीडब्लूसी भेजा है। एसएसआई ललित मोहन रावल ने बताया कि महिला रामपुर यूपी की रहने वाली है। महिला के परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

