धोखाधड़ी: जमीन दिलाने के नाम पर पीआरडी जवान से ठग लिए 11 लाख रुपए, मुकदमा दर्ज़

धोखाधड़ी: जमीन दिलाने के नाम पर पीआरडी जवान से ठग लिए 11 लाख रुपए, मुकदमा दर्ज़
Spread the love

हल्द्वानी। पिथौरागढ़ में तैनात पीआरडी जवान से प्लॉट दिलाने के नाम पर दो लोगों ने 11 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित जवान बयाना के रूप में यह पैसा दे चुका था लेकिन आरोपी जमीन की रजिस्ट्री करने में आनाकानी कर रहे थे। पुलिस ने पीआरडी जवान की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पिथौरागढ़ के चंडाक निवासी पीआरडी जवान देवेंद्र सिंह ने मुखानी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो साल पहले वह यूएस नगर निवासी उपेंद्र और देहरादून निवासी पवन के संपर्क में आया। जिन्होंने उसे हल्द्वानी के भगवानपुर, जयसिंह में एक 0.052 हेक्टेयर का प्लॉट दिखाया। आरोप है कि जमीन की बातचीत उपेंद्र ने कराई, जबकि जमीन पवन की थी। 1350 वर्ग फीट का प्लॉट खरीदने पर निर्णय लिया गया। प्लॉट का सौदा 16 लाख 60 हजार पांच सौ रुपये में हुआ। पीआरडी जवान को उपेंद्र ने बताया कि उसे पवन ने जमीन बेचने के लिए अनुबंधित किया है। आरोपियों ने बयाना मांगा तो पहली किस्त के रूप में पीड़ित ने पांच लाख का उपेंद्र को चेक सौंपा। जमीन को खरीदे जाने का उपेंद्र ने गवाह भी पिथौरागढ़ निवासी एक व्यक्ति को बनाया। इसके बाद दूसरी किस्त के रूप में फिर पांच लाख का चेक पीड़ित ने पत्नी के खाते के नाम से दिया। एक लाख तीसरी किस्त के रूप में उपेंद्र के कहने पर डाले। इसके बाद पीड़ित ने रजिस्ट्री की बात कही तो दोनों आनाकानी करने लगे। पैसे वापस मांगने पर दोनों उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। एसओ मुखानी विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर उपेंद्र और पवन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Parvatanchal