कांग्रेस: पत्रकारों से हुई झड़प की घटना के लिए पुलिस को ठहराया जिम्मेदार

कांग्रेस: पत्रकारों से हुई झड़प की घटना के लिए पुलिस को ठहराया जिम्मेदार
Spread the love

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा से मिलकर घटना के लिए जताया खेद

देहरादून।  पुलिस लाइन में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच हुई झड़प के लिए कांग्रेस ने पुलिस का जिम्मेदार ठहराया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखते हुए घटनाक्रम की उच्च अधिकारी से जांच, दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अपने पत्र में माहरा ने कहा कि चार दिसंबर हमेशा की तरह किसी भी आन्दोलन में सामूहिक रूप से हुई गिरफ्तारी के बाद गिरफ्तार लोगों को पुलिस की ओर से पुलिस लाइन ले जाकर सीड़ियों में बैठाया जाता है। चार दिसम्बर को युवा कांग्रेस के सचिवालय घेराव कार्यक्रम के तहत गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया। जबकि उन्हें यह नहीं बताया गया कि वहां पर मीडिया कर्मियों का कार्यक्रम है। पत्रकारों को भी इसकी जानकारी नहीं थी कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लाई है। इसी गलतफहमी में पत्रकारों को लगा कि हम उनका विरोध करने वहां आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनभिज्ञता एवं वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही के कारण यह गलतफहमी हुई है। पुलिस को वहां मीडिया कर्मियों का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के चलते गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को किसी अन्य स्थान पर बिठाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच के साथ दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी ओर, उत्तरांचल प्रेस क्लब में पहुंचकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने क्लब अध्यक्ष अजय राणा से पुलिस लाइन में पत्रकारों के साथ हुए प्रकरण में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लेकर औपचारिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना केवल एक गलतफहमी के कारण हुई थी। उनकी मीडिया के साथ हुई घटना की कोई मंशा नहीं थी। आज की यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा से मुलाकात कर क्रिकेट टूर्नामेंट में हुए प्रकरण में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा की गई गलती के लिए माफी मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सारा प्रकरण आपसी गलतफहमी के कारण हुआ। करन माहरा ने कहा कि वह स्वयं ही कार्यकर्ताओं को शांत करने का प्रयार कर रहे थे, लेकिन शोरशराबे के कारण उनकी बात कार्यकर्ताओं तक नहीं पहुंच सकी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के प्रेस क्लब में पहुंचकर माफी मांगने के बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने इस मामले को समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के इस सकारात्मक कदम से प्रेस क्लब संतुष्ट है।

Parvatanchal