कामयाबी: पुलिस के हत्थे चढ़ा 8 लाख की साइबर ठगी का आरोपी, राजस्थान से हुआ गिरफ्तार
कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने आठ लाख से अधिक की ठगी के आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कोटद्वार कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी पर पांच हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था। पौड़ी के एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी कर राजस्थान में छिपे पांच हजार के ईनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी कई लोगों से अब तक करोड़ो की साइबर ठगी कर चुका है। इस मामले में बीती 26 अगस्त को कोटद्वार निवासी प्रियंका रावत ने तहरीर दी थी। जिसमे कहा था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन टेलीग्राम और व्हाट्सअप के माध्यम से पैसा इन्वेस्ट कर कम समय में दोगुना करने के नाम पर 8 लाख 87 हजार रुपये की ठगी की गई है। जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू की। पाया गया कि राजस्थान निवासी आरोपी मांगी लाल ने यह धोखाधड़ी की है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगाई गई। लेकिन आरोपी शातिर किस्म का होने के कारण लगातार अपने ठिकाने व मोबाइल नम्बर बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। आरोपी पर 5 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी मांगीलाल निवासी गांव केरु महादेव नगर , थाना राजीव गांधी नगर को जोधपुर राजस्थान से गिरफ्तार किया। आरोपी के बैंक खाते में कई लोगों से साइबर धोखाधड़ी से संबंधित पिछले एक माह में ही करीब 4 करोड़ की ट्रांजेक्शन पाई गई।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र, सतेन्द्र कुमार, संतोष कुमार, नरेन्द्र सिंह शामिल रहे।

