बड़ी खबर: जेल से फरार कैदियों को अब तक नहीं पकड़ पाई पुलिस, आईजी ने किया इनाम का ऐलान
फरारी के बाद ससुराल पहुंचकर पत्नी से मिला शूटर पंकज, पिता का भी जाना हालचाल
हरिद्वार। हरिद्वार जेल से फरार कैदियों पर इनाम घोषित किया गया है। फरार कैदी अपनी ससुराल पहुंचकर अपनी पत्नी से मिला। यही नहीं, उसने अपने पिता का भी हालचाल जान। जेल ब्रेक कर फरार हुआ कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि का शूटर पंकज लेबर कॉलोनी में अपनी ससुराल में पत्नी से मिलने पहुंचा था। करीब दो घंटे ससुराल में रहने के बाद इस्माइलपुर लक्सर में रह रहे अपने पिता-ताऊ से भी पहुंचकर मुलाकात की थी। दूसरा कैदी रामकुमार भी उसी के साथ था। पत्नी और पिता से मुलाकात के बाद शूटर पंकज कहां फरार हुआ है, इसकी जानकारी परिजन को नहीं है। शुक्रवार रात जेल कैंपस में रामलीला मंचन के दौरान रुड़की के सफाई नायक बसंत चौधरी हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा प्रवीण वाल्मीकि गैंग का शूटर पंकज और विचाराधीन कैदी रामकुमार जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। तीसरा कैदी छोटू दीवार नहीं फांद पाया था। जेल कैंपस में निर्माणाधीन हाई सिक्योरिटी बैरक स्थल पर लावारिस पड़ी दो सीढ़ी की मदद से जेल ब्रेक को अंजाम दिया गया था।
हरिद्वार जेल ब्रेक कांड में नई जानकारी सामने आ रही है। जेल से तीन नहीं बल्कि चार कैदियों ने फरार होने की प्लानिंग की थी। यह खुलासा जेल कैंपस की सीसीटीवी फुटेज से हुआ है। लेकिन चौथे कैदी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सीसीटीवी कैमरे में कैदियों के फरार होने से पहले की फुटेज सामने आई है, जिसमें तीन नहीं बल्कि चार कैदी नजर आ रहे हैं।

फरार कैदियों पर 50-50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा
हरिद्वार जेल से फरार हुए दो कैदियों की गिरफ्तारी पर गढ़वाल रेंज के आईजी करन सिंह नगन्याल ने 50-50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस प्रशासन ने इन दोनों फरार कैदियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार रात को जेल में रामलीला आयोजित हो रही थी। इस दौरान ये कैदी जेल की लगभग 22 फीट ऊंची दीवार पर दो सीढ़ियां लगाकर भाग गए थे। इस मामले में प्रभारी जेल अधीक्षक समेत छह कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था।
बता दें कि जेल प्रबंधन ने इस हद तक लापरवाही बरती कि जिला पुलिस को सूचना भी कई घंटे बाद दी। तब से पुलिस इनकी गिरफ्तारी को कई जिलों में दबिश दे रही है। अब आईजी गढ़वाल ने दोनों पर इनाम घोषित किया है। आईजी ने बताया कि पुलिस को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
शूटर पंकज का मौसेरा भाई गिरफ्तार
अन्य सूचना के अनुसार, हरिद्वार जेल ब्रेक मामले में पुलिस ने फरार कैदियों के एक मददगार को गिरफ्तार किया है। एसआईटी ने कैदियों को संरक्षण देने पर शूटर पंकज के मौसेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जेल से फरार होने के बाद शूटर पंकज और रामकुमार गिरफ्तार आरोपी के घर पहुंचे थे, उसके बाद वहां से नगदी लेने के बाद चले गए थे। एसआईटी ने दावा कि जेल ब्रेक कांड में कैदियों को संरक्षण देने वाले हर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। शुक्रवार को जेल की दीवार फांदकर फरार हुआ कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि गैंग का शूटर साजायाफ्ता कैदी पंकज अपने साथी कैदी रामकुमार के साथ सबसे पहले लेबर कॉलोनी में अपने मौसेरे भाई सुनील के घर पहुंचा था। उसके बाद सुनील को अपने साथ लेकर ससुराल गया था, जहां उसने अपनी पत्नी और सास से मुलाकात की थी। पत्नी, सास से मुलाकात करने के बाद फरार कैदी पंकज और रामकुमार ने मौसेरे भाई से कपड़े लिए थे।

