शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़ा नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी, देहरादून से किया गिरफ्तार
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। पिछले दिनों राजकीय अस्पताल ऋषिकेश में जांच के दौरान एक नाबालिग युवती के गर्भवती होने का पता चलने पर कोतवाली ऋषिकेश में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। घटनास्थल पौड़ी गढ़वाल के राजस्व क्षेत्र में होने के कारण अभियोग राजस्व क्षेत्र बिचला ढांगू दो में राजस्व पुलिस चौकी में स्थानान्तरित किया गया। बाद में मामला नाबालिग युवती से संबंधित होने के कारण मुकदमा राजस्व पुलिस से महिला थाना को स्थानान्तरित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा मामला नाबालिग युवती का होने के कारण अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी करने के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्रीमती जया बलोनी के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक सदर पौड़ी अनुज कुमार के पर्यवेक्षण एवं महिला थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक संध्या नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सर्विलान्स की मदद से अभियुक्त ग्राम व पोस्ट ग्वील, पट्टी बिचला ढांगू दो, जिला पौड़ी निवासी राहुल कुमार पुत्र सतीश चन्द्र को रानीपोखरी देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

