आवाज़: चौकी इंचार्ज पर दुर्व्यवहार करने का आरोप, आई जी से मिले पंचायत प्रतिनिधि
देहरादून। जिला पौड़ी गढ़वाल के ब्लॉक यमकेश्वर के ग्राम गंगाभोगपुर में कुछ समय पहले ही अंकिता भंडारी हत्या कांड जैसी बड़ी घटना हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी भी इस छेत्र में लापरवाही बरतने का काम लगातार कर रही है। अभी भी लगातार इस क्षेत्र में बाहरी प्रदेशों से आकर लोग लगातार शराब का सेवन कर बिना रोक टोक के घूम रहे हैं और क्षेत्र की जनता के साथ लगातार अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। जब इस बात की शिकायत चीला चौकी इंचार्ज से की गयी तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और सम्मानित पंचायत प्रतिनिधियों व जनता के साथ अभद्रता की गई।
ग्राम गंगाभोगपुर के पंचायत प्रतिनिधियों व जनता के साथ चौकी इंचार्ज चीला द्वारा किए जा रहे दुर्व्यवहार के विरुद्ध एक प्रतिनिधिमंडल ने आईजी गढ़वाल करण नगन्याल से मुलाकात कर जल्द से जल्द कार्यवाही की मांग की।
इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष कांग्रेस लालचंद शर्मा, उपाध्यक्ष प्रधान संगठन, उत्तराखंड प्रदेश बच्चन सिंह बिष्ट, अनिल नेगी उपप्रधान गंगाभोपुर, यशपाल सिंह असवाल, सामाजिक कार्यकर्ता व संदीप कुमार अध्यक्ष युवक मंगल दल गंगाभोपुर मौजूद रहे।

