आफत: चंपावत में भूस्खलन से नेशनल हाईवे बंद, लगी वाहनों की लाइन
चंपावत। जिले में कल देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण सुबह भूस्खलन हो गया। जिससे टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाइवे पहाड़ी से मलबा गिरकर नेशनल हाइवे पर आ गया, जिसके चलते रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। सड़क बाधित होने के कारण हाइवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें भी लग गई हैं। बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग 5 बजे संतोला के पास टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाइवे पर लैंडस्लाइड हुआ है।
जनपद में कल रात से लगातार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने चंपावत जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की। भारी बारिश को देखते हुए देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर के स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी रोहित थपलियाल के मुताबिक, 12-13 सितंबर को चमोली जिले में भारी बारिश की आशंका है। अन्य जिलों उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में मध्यम बारिश की उम्मीद है।

