शिकंजा: बहन की हत्या का आरोपी भाई गिरफ्तार, लव मैरिज करने से नाराज़ होकर मार दी थी गोली
उधमसिंहनगर। प्रेम विवाह से नाराज दिन दहाड़े बहन की गोली मारकर हत्या करने वाले सगे भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद किये गये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते रोज पवन कुमार पुत्र भीमसेन, निवासी- ग्राम महुवाडाली, पोस्ट ढकिया नं. 1 द्वारा थाना बाजपुर में तहरीर देकर बताया गया था कि 4 दिसम्बर 2023 को उसका प्रेम विवाह सोनम पुत्री रामचन्दर, निवासी ग्राम- जगतपुर, थाना काशीपुर, जिला ऊधमसिंहनगर के साथ सम्पन्न हुआ था। सोनम का भाई राजीव व परिजन उनकी शादी से खुश नहीं थे। उसकी पत्नी 7 माह की गर्भवती थी। दोपहर तीन बजे उसकी पत्नी सोनम शौच के लिये खेत के पास सूखा नाला पर गयी थी तथा उसकी भांजी निशा भी उसके साथ थी। जहां उसकी पत्नी ने अपने बड़े भाई राजीव तोमर को झाड़ियों में छिपा देखा। वह भागकर घर की ओर आने लगी। इस बीच उसके भाई ने उसे रोक कर उसे गोली मार दी और शिकायतकर्ता को भी मारने की नियत से घर की ओर आने लगा, यह देखकर वह छुप गया।
बताया कि आरोपी ने उसके परिजनों को धमकी दी कि उसने अपनी बहन को मार दिया है अब वह अन्य लोगों को भी मारेगा। इस मामले में पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजीव तोमर की तलाश शुरू कर दी गयी, जिसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद किये गये हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी बहन सोनम की शादी की बात कहीं अन्यत्र तय की थी लेकिन जिस दिन लड़के वाले उसकी बहन सोनम को देखने के लिए आने वाले थे, उससे दो दिन पूर्व वह रात्रि में घर से पड़ोस के गांव महुवाडाली के पवन के साथ भाग गयी थी। उसने उसी दिन सोच लिया था कि जब भी सोनम मिलेगी वह उसे जरूर जान से मारेगाा तथा जिसके साथ वह गयी है उसे भी । बहन को मारने के बाद वह पवन को मारने की नीयत से तमंचा लेकर उसके घर आया लेकिन आरोपी को पवन नहीं दिखाई दिया। आरोपी को उसकी बहन सोनम खेत की ओर जाते दिखाई दी तो उसने वहां पहुंच कर उसे मौत की घाट उतार दिया।

