आवाज़: ईई से मिले ग्रामीण, पंपिंग योजना में आई खराबी को दूर करने की मांग
कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत महाबगढ़-सिमलना पंपिंग योजना पर खराबी आ जाने के कारण योजना से सेवित सिमलना मल्ला, केष्टा, धूरा भरपूर, चूना महेड़ा, स्यालनी और हर्षू मुणगांव आदि गांवों की लगभग पांच सौ की आबादी को पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोगों के नलों में पिछले चार पांच दिन से पानी नहीं आया है। इस संबंध में शनिवार को पूर्व सांसद प्रतिनिधि चंडी प्रसाद कुकरेती के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता अभिषेक वर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को अवगत कराया कि पम्पिंग योजना में खराबी आ जाने के कारण क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को एक-डेढ़ किमी. दूर से प्राकृतिक स्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। इस पर अधिशासी अभियन्ता ने समस्या का शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपने वालों में जनार्दन प्रसाद, शशिकान्त, मनवर लाल भारती व रोशन गौड़ आदि समेत अनेक ग्रामीण शामिल रहे।

